Breaking
Sat. Apr 19th, 2025

मोटर साइकिल कंपनी रॉयल एनफील्ड अब आइस हॉकी लीग से भारत में मचाएगी धूम, सामाजिक जिम्मेदारी का लिखेगी नया अध्याय

2 से 9 जनवरी को लद्दाख में खेली जाएगी आइस हॉकी लीग, हिमाचल में 15 से 19 जनवरी को स्पीति कप का करेगी आयोजन

नई दिल्ली।

रॉयल एनफील्ड ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह सिर्फ मोटरसाइकिल कंपनी ही नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार कॉर्पोरेट नागरिक भी है। कंपनी ने लद्दाख में आयोजित आइस हॉकी लीग के दूसरे सीजन के लिए सपोर्ट की घोषणा कर एक नई मिसाल पेश की है। वह इस आइस हॉकी लीग के माध्यम से भारत में धूम मचाने को तैयार है। यह लीग 2 से 9 जनवरी को लद्दाख में खेली जाएगी। जिसमें पुरुषों की 10 और महिलाओं की 5 टीमें हिस्सा ले रही हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश के काजा में राष्ट्रीय स्तर का स्पीति कप का आयोजन किया जाएगा। जिसमें 5 पुरुष और 5 महिला टीमें हिस्सा लेंगी। आइस हॉकी लीग की ट्रॉफी और जर्सी का शनिवार को दिल्ली में अनावरण किया गया है।

बता दें कि इन टूर्नामेंट के आयोजन से पहले स्थानीय कोचों के लिए प्रशिक्षण शिविर भी रॉयल एनफील्ड की ओर से सफलतापूर्वक आयोजित किया जा चुका है और लर्न टू प्ले कार्यक्रम के तहत 1000 से अधिक खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने का कार्य शुरू किया जा चुका है।

ये है उद्देश्य

रॉयल एनफील्ड की इस पहल का उद्देश्य हिमालयी क्षेत्र में खेलों को बढ़ावा देना और युवाओं को एक मंच और खेल के माध्यम से रोजगार प्रदान करना है। आइस हॉकी एक ऐसा खेल है जो सर्दियों के मौसम में इस क्षेत्र में काफी लोकप्रिय है। रॉयल एनफील्ड के इस प्रयास से स्थानीय युवाओं को एक नया अवसर मिल रहा है और वे अपनी प्रतिभा को निखार पाएंगे। वहीं कंपनी की इस खेल में भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने की भी कोशिश है। शीतकालीन ओलंपिक में इस खेल का आयोजन होता है और कंपनी की कोशिश है कि भारतीय टीम भी ओलंपिक में इस खेल में देश का प्रतिनिधित्व करे। यहीं नहीं इस लीग के माध्यम से रॉयल एनफील्ड न केवल खेल को बढ़ावा देगी, बल्कि स्थानीय समुदाय के विकास में भी योगदान देगी। इसके साथ ही इस लीग से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। रॉयल एनफील्ड ने इस लीग में पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया है। लीग में इस्तेमाल होने वाली सभी सामग्री पर्यावरण के अनुकूल हैं।

लद्दाख आइस हॉकी एसोसिएशन के उपाध्यक्ष पी.टी. कुंजंग ने कहा, “इस लीग ने हमारे युवाओं को एक मंच प्रदान किया है। इससे न केवल खेल का विकास होगा बल्कि हमारे क्षेत्र का भी विकास होगा।” हिमाचल प्रदेश आइस हॉकी एसोसिएशन के अध्यक्ष अभय डोगरा ने कहा, “रॉयल एनफील्ड की इस पहल से हिमाचल प्रदेश में भी आइस हॉकी को बढ़ावा मिलेगा। हम उम्मीद करते हैं कि इस तरह के आयोजन होते रहेंगे।” लद्दाख महिला आइस हॉकी फाउंडेशन की महासचिव डॉ. नूर जहान ने कहा, “यह लीग महिलाओं के लिए एक बड़ा अवसर है। इससे महिलाएं खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ सकेंगी।”

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *